डोंगरगढ़। शहर एक बार फिर सनसनीखेज घटना से दहल उठा है। वार्ड क्रमांक 24, कश्मीरी पारा में एक युवक ने रिश्तों की मर्यादा तोड़ते हुए अपनी ही दादी की निर्मम हत्या कर दी। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़े :- राजनांदगांव में शादी समारोह बना खूनी रण: चाकूबाजी में युवक की मौत, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
चाकू से ताबड़तोड़ हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पोते ने धारदार चाकू से अपनी बुजुर्ग दादी पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
नशे की लत और पारिवारिक विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और दादी के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार मारपीट और जानलेवा हमले की स्थिति भी बन चुकी थी। ऐसे में पुलिस शुरुआती जांच में नशे और पारिवारिक तनाव को मुख्य वजह मान रही है।
फॉरेंसिक जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
लगातार वारदातों से उठे सवाल
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रामाटोला क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने डोंगरगढ़ में कानून-व्यवस्था और सामाजिक हालात पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



