धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहावा पुलिस और वन विभाग की टीम ने 127 किलो से अधिक गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री और वाहन सहित कुल संपत्ति की कीमत करीब 72.71 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़े :- छुट्टी चाहिए तो पहले मंजूरी जरूरी: साय सरकार का सख्त आदेश जारी
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की शाम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका पर वन विभाग द्वारा नियमित वाहन जांच के दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध कार (MH10-DQ-4294) को रोका गया। डिप्टी रेंजर ने वाहन संदिग्ध लगने पर इसकी सूचना थाना सिहावा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से भूरे रंग के टेप से पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
तौल करने पर कुल 127.09 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 63.54 लाख रुपये है। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार (करीब 9 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (15 हजार रुपये) और 1500 रुपये नगद भी जब्त किए। इस तरह कुल जब्ती लगभग 72.71 लाख रुपये की हुई।
इस मामले में थाना सिहावा में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20 (ख) (ii) (सी) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष) और स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), दोनों निवासी जिला सांगली (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



