जशपुर। जिले के नारायणपुर क्षेत्र में प्राइवेट विमान क्रैश होने की खबर महज अफवाह साबित हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का विमान हादसा नहीं हुआ है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर नारायणपुर इलाके में धुआं उठने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं भी विमान क्रैश होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि जंगल में सूखे पत्तों में आग लगने के कारण धुआं उठ रहा था। इसी दौरान खनिज सर्वे के लिए उड़ रहे हेलीकॉप्टर को पास से गुजरते देख लोगों को भ्रम हुआ कि कोई विमान या हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
हालांकि जांच में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना की पुष्टि के बाद ही उसे साझा करें।



