रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहली बार ‘ओसियन ग्रो’ गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें लंबे समय से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा मंगवाता था और रायपुर में उसकी सप्लाई करता था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शहर में सक्रिय एक बड़े ड्रग नेटवर्क का हिस्सा है और लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था। पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये का मादक पदार्थ और अन्य सामान भी जब्त किया है।
इस कार्रवाई से रायपुर में फैल रहे नशे के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।



