रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस जवानों द्वारा वर्दी में रील बनाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ताजा मामले में एक आरक्षक का वर्दी पहनकर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस विभाग के अनुशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़े :- कॉमन्स से बदलेगी तस्वीर! पेसा-एफआरए समन्वय के लिए बनेगा टास्क फोर्स
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले मस्तूरी थाने के एक आरक्षक को इसी तरह के वीडियो वायरल होने के बाद लाइन अटैच किया गया था। बावजूद इसके ऐसे मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
वायरल हो रहे नए वीडियो में एक और आरक्षक वर्दी में डांस करता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा टोके जाने पर उसने “आई एम वेटिंग ब्रो” लिखकर जवाब दिया, जिससे उसके रवैये को लेकर भी आलोचना हो रही है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। एक वर्ग जहां इसे वर्दी की गरिमा के खिलाफ बता रहा है, वहीं कुछ लोग इसे महज मनोरंजन का हिस्सा मान रहे हैं।
इधर, पहले मामले में कार्रवाई झेल चुके आरक्षक की पत्नी का रोते हुए वीडियो भी सामने आया है, जिससे मामला भावनात्मक रूप लेता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ये सभी वीडियो इंस्टाग्राम आईडी “laif_dosto1999” से जुड़े हैं, जहां लगातार ऐसी रील्स पोस्ट की जा रही हैं और उन्हें बड़ी संख्या में व्यूज मिल रहे हैं।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों से यह स्पष्ट है कि सोशल मीडिया की होड़ में पुलिस विभाग का अनुशासन प्रभावित होता नजर आ रहा है। अब देखना होगा कि विभाग इस पर सख्ती से क्या कदम उठाता है।



