रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सरप्राइज चेकिंग अभियान के दौरान एक ही रात में 129 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक पकड़े गए।
यह भी पढ़े :- छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर NSUI का घेराव आज
पुलिस ने इन सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। कई मामलों में वाहनों को जब्त कर नशे में धुत चालकों को पैदल घर भेजा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर शहर के सात प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस की टीमों ने ब्रीथ एनालाइजर से जांच की, जिसमें 129 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।

सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अब तक 1853 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा चुकी है। प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है, वहीं कई मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



