कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 7 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पाली थाना क्षेत्र की है।
यह भी पढ़े :- नरेंद्र मोदी का वार: चुनावी रैली में फिल्मों के बहाने विपक्ष पर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को 7 वर्षीय आयान अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाने के बाद सभी बच्चे घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पता चला कि आयान को आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय रंजीत कुमार के साथ देखा गया था। शक के आधार पर गांव में बैठक बुलाई गई और रंजीत से पूछताछ की गई, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह आयान को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत की। बच्चे के विरोध करने और शोर मचाने पर उसने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को करीब 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश है।



