रायपुर : एमसीबी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिरमिरी पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 नग नशीले इंजेक्शन के साथ एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: 7 साल के मासूम की हत्या, शव कुएं में फेंका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चिरमिरी की टीम ने 6 नंबर गोलाई के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 22 हजार रुपये कीमत के नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विवेक पटेल से मिली जानकारी के आधार पर की गई। पूछताछ में अभिषेक समुंद्रे का नाम सामने आया था, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन तोड़कर फरार हो गया था। बाद में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में दहशत का माहौल है और उनका नेटवर्क कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पूरे नेटवर्क और अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है।



