रायपुर। ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू दिखाकर लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सागर रजक को पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू के साथ पकड़ा है।
घटना 2-3 अप्रैल की दरम्यानी रात थाना धरसींवा क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित हाईवे रोड पर हुई। जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी गणेश कुमार चंद्राकर अपने पिकअप वाहन को खड़ा कर भोजन कर रहा था, तभी आरोपी सागर रजक वहां पहुंचा और चाकू दिखाकर उसे डराते हुए शराब के लिए पैसे मांगने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने प्रार्थी पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकले तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर प्रार्थी को बचाया।
पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद निरीक्षक तिवारी और उनकी टीम ने उसका पीछा किया। अंधेरे के बावजूद करीब 3 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी के खिलाफ थाना धरसींवा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सागर रजक पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और थाना खमतराई क्षेत्र में लूट के एक मामले में जेल जा चुका है।



