भिलाई। कोहका हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में 42 वर्षीय मोहन रामटेके की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान अहम खुलासा हुआ है। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में पैसों के लेन-देन को लेकर मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला आरोपी अभी फरार है।
यह भी पढ़े :- CG : प्यार का छल पड़ा भारी! शादी से मुकरा प्रेमी, युवती ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, घटना 28 मार्च की है, जब मोहन रामटेके ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से बरामद सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए कांग्रेस नेता राजू पाल और एक महिला को जिम्मेदार ठहराया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहन ने आरोपियों से कुछ पैसे उधार लिए थे। इसी रकम को लेकर उसे लगातार धमकाया जा रहा था और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख है कि उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही थी, जिससे वह काफी तनाव में था।
स्मृति नगर चौकी पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। सुसाइड नोट और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की। मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरी आरोपी महिला की तलाश जारी है।
घटना के दिन मृतक की मां का अस्पताल में ऑपरेशन होना था। उसी सुबह घर के भीतर मोहन का शव मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया। प्रारंभ में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिस पर पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर आत्महत्या की पुष्टि की गई।
पुलिस के अनुसार, मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ी प्रताड़ना का है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।



