रायपुर। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत हुई 12 चक्का ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी हुई ट्रक क्रमांक CG07BC9172 और आरोपियों के कब्जे से लगभग 16,00,000 रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया।घटना की जानकारी प्रार्थिया मीना निर्मलकर, निवासी अमलीडीह न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि होली के दिन 2 मार्च को उनका पति विरेन्द्र निर्मलकर ट्रक काली माता मंदिर के पास खड़ा करके आया था। 6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे ट्रक वहां से गायब मिला।
पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के निर्देश पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर ट्रक और आरोपी की तलाश शुरू की। घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संभावित मार्गों का पता लगाया गया। अन्य जिलों की पुलिस के साथ समन्वय कर तकनीकी और मुखबिर जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
रितेश दास उर्फ माईकल (26), पिता राजेश दास, निवासी शहीद राजीव पांडेय नगर, बनमाली बस्ती, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।
बजरंगी परिहार (19), पिता गोपाल बहादुर परिहार, निवासी शहीद राजीव पांडेय आशादीप हॉस्पिटल के पीछे, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।
बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के प्रकरण में बाल संप्रेषण गृह माना में रह चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 103/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को सूचना मिलने के चार घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया और चोरी हुई ट्रक को बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया।



