रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हेरोइन तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों सुखराज सिंह और सत्यम चंद्राकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 7.12 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले 27 दिसंबर 2025 को सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी महिला हरप्रीत कौर से 16.01 ग्राम हेरोइन और उसके पति जोधा सिंह से 8.06 ग्राम हेरोइन जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उसी प्रकरण में सुखराज सिंह और सत्यम चंद्राकर फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त (जोन पश्चिम) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने थाना प्रभारी को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लगातार मुखबिर सूचना और तलाश के बाद दोनों आरोपियों को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।
छिपाकर रखी हेरोइन बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी सुखराज सिंह ने भिलाई क्षेत्र के खारून नदी रेलवे ब्रिज के नीचे जमीन में दबाकर रखी हेरोइन निकालकर पुलिस को सौंपी। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।



