रायपुर। ग्रामीण पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र से एक युवक को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 250 ग्राम गांजा, 480 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्रोसन), एक आईफोन और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 4.04 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) व 22(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बदलते अपराध पैटर्न पर पुलिस की नजर
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अपराधी अब पारंपरिक तरीकों से हटकर नए पैटर्न अपना रहे हैं, जिसके चलते इंटेलिजेंस-आधारित कार्रवाई, माइक्रो-लेवल सर्विलांस और एंड-टू-एंड विवेचना पर जोर दिया जा रहा है।
सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
पुलिस को 17 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से गांजा और नशीली टैबलेट लेकर बिक्री के लिए तिल्दा की ओर आ रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके बैग से मादक पदार्थ बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने नशे का सामान बिक्री के लिए रखने की बात स्वीकार की है।



