रायपुर :- रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम-साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में दो महिला आरोपियों को 10 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल की संयुक्त निगरानी में की गई।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
17 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा रखकर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम खिलेश्वरी वर्मा और इसरत बानो बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 10 किलो गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे पूछताछ कर रही है।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम-साइबर यूनिट 14 मामलों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और करीब 141 किलो से ज्यादा गांजा समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



