“जनसमस्याएं उठाना अपराध नहीं — बस्तर में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बंद करे प्रशासन!”
रायपुर।आम आदमी पार्टी, बस्तर लोकसभा के अध्यक्ष एवं विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र नाग को आज प्रदर्शन से पूर्व घर से उठाकर हिरासत में लिया गया। उनके साथ पार्टी के कई अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी बिना स्पष्ट कारण बताए हिरासत में रखा गया है। हैरानी की बात यह है कि परिजनों और पार्टी को अब तक यह तक नहीं बताया गया कि उन्हें कहां रखा गया है। यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं, विशेषकर नारायणपुर एवं दक्षिण बस्तर में लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही थी। ज्ञापन, शांतिपूर्ण धरना और जनसंवाद के माध्यम से प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, किंतु समस्याओं का समाधान करने के बजाय आवाज उठाने वालों को ही निशाना बनाया जा रहा है।
पार्टी नेता समीर खान ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो जनता को सड़क पर उतरने की आवश्यकता ही नहीं पड़े। लेकिन बस्तर संभाग में जब भी कोई संगठन भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दे उठाता है, तो उसे दबाने का प्रयास किया जाता है। यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है।
पार्टी नेता बल्लू भवानी ने कहा कि नारायणपुर में हमारे साथियों को अवैधानिक रूप से हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या के समान है। आम आदमी पार्टी स्पष्ट रूप से मानती है कि शांतिपूर्ण आंदोलन और प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। दक्षिण बस्तर में पुलिस प्रशासन की दमनकारी नीति लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि अविलंब हिरासत में लिए गए सभी साथियों को रिहा नहीं किया गया और जनसमस्याओं के समाधान हेतु ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
आम आदमी पार्टी ने पुनः दोहराया कि वह गांधीवादी और संवैधानिक तरीकों से संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। प्रदेश में जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।


