राजनांदगांव :- राजनांदगांव में पुलिस ने हथियार दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, दो पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।
पुलिस के अनुसार चीखली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पटरी पार क्षेत्र के शंकरपुर वार्ड स्थित कब्रिस्तान के पास कुछ लोग हथियार लहराकर दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी में चार फायरआर्म्स और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
एसपी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट व अन्य गंभीर मामलों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि हथियारों के साथ उनकी गतिविधियों से किसी बड़ी वारदात की तैयारी की जा रही थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी हथियार धार जिला (मध्यप्रदेश) से लाए थे। वे पहले भोपाल तक ट्रेन से पहुंचे और वहां से बस के जरिए हथियार लेकर लौटे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 तथा बीएनएस की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




