रायपुर। MG रोड और चौपाटी क्षेत्र में छोटे व्यवसायियों और ठेले वालों को निशाना बनाकर ऑनलाइन फाइनेंस एप्स के जरिए लाखों रुपये की ठगी करने वाले 19 वर्षीय युवक को मौदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मुदित पाठे उर्फ कृष पवार (19), छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश का निवासी, दसवीं पास है और पढ़ाई छोड़ने के बाद फाइनेंस सेक्टर में काम करने की लालसा लेकर रायपुर आया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए कैशबैक, प्रोमो कोड और रेफरल कोड जैसी वास्तविक लाभ देने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया। धीरे-धीरे उसने पीड़ितों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों तक पहुंच बनाई। इसके बाद आरोपी ने पीड़ितों के नाम पर प्री-अप्रूव्ड लोन स्वीकृत कर उन्हें अपने ऑनलाइन वॉलेट और खातों में ट्रांसफर कर लिया।
आरोपी के पिता पहले इंश्योरेंस सेक्टर में कार्यरत थे और कोरोना काल के बाद आर्थिक रूप से कमजोर हो गए थे। यही वजह थी कि मुदित ने पढ़ाई छोड़ कर ऑनलाइन फाइनेंस और निवेश एप्स की जानकारी हासिल की और ठगी का रास्ता अपनाया। उसका उद्देश्य ठगी से जुटाई गई राशि से अपने मूल निवास में मोबाइल दुकान स्थापित करना था।
इस मामले में डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने स्वयं मार्गदर्शन करते हुए साक्षियों, पीड़ितों और आरोपी से पूछताछ की। निरीक्षक मुकेश शर्मा के नेतृत्व में मौदहापारा पुलिस ने आरोपी को ट्रेन से भागने से ठीक पहले गिरफ्तार किया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी एक दर्जन से अधिक फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट एप्स का इस्तेमाल कर रहा था। एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा की सुपरविजन में आरोपी के पास से दर्जनभर बैंक कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों के जरिए ठगी की राशि विभिन्न वॉलेट और खातों में ट्रांसफर की गई थी।
मौदहापारा पुलिस ने आरोपी के ऑनलाइन वॉलेट, बैंक खातों और मोबाइल एप्स की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य मामलों में भी शामिल हो सकता है।




