बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पेद्दागेलूर क्षेत्र में चल रही इस मुठभेड़ में एक नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की सूचना मिली है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने और शव की पहचान के बाद ही की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवानों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के साथ भिड़ंत की। मुठभेड़ रुक-रुक कर चल रही है और फायरिंग का आदान-प्रदान जारी है। घटनास्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक शव बरामद होने की सूचना है, जिसे नक्सली कमांडर उधम सिंह से जोड़ा जा रहा है।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन तेजी से जारी है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी, हथियारों का जखीरा या कोई छिपा हुआ कैंप का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अभी चल रहा है और विस्तृत जानकारी तथा नतीजे सर्च पूरा होने के बाद ही आधिकारिक रूप से जारी किए जाएंगे।



