बलौदाबाजार। जिले की साइबर सेल पुलिस ने वर्ष 2026 की शुरुआत में ही सराहनीय काम करते हुए 421 गुम मोबाइल फोन बरामद किए और उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 63 लाख रुपये आंकी गई है।
आज कम्युनिटी हाल में आयोजित समाधान समारोह में ये मोबाइल उपभोक्ताओं को सौंपे गए। इस अवसर पर एसपी भावना गुप्ता और एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
एसपी भावना गुप्ता ने कहा, “हमने 2025 में भी लगभग 93 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल रिकवर किए थे। आज यह देखकर खुशी हो रही है कि उपभोक्ताओं का पुलिस पर विश्वास बना हुआ है। मोबाइल आज सिर्फ उपकरण नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बन गया है, इसलिए इसे संभालकर रखें।”
उन्होंने सुरक्षा संबंधी चेतावनी भी दी और कहा कि अनजान नंबर से आने वाली कॉल या बैंक संबंधी जानकारी/OTP साझा करने से बचें। “आपकी छोटी-सी सावधानी आपकी बड़ी सुरक्षा है,” उन्होंने बताया।
समारोह में उपस्थित उपभोक्ताओं ने पुलिस को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिलेगा, लेकिन पुलिस की मदद से आज उन्हें उनका मोबाइल लौटाया गया।



