जगदलपुर। बस्तर संभाग के ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास एक बार फिर खौफनाक वारदात का कारण बना है। सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कूचारास में जादू-टोना करने के शक में चार लोगों ने मिलकर एक ग्रामीण युवक की निर्मम हत्या कर दी और शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय देवा सोड़ी, पिता स्व. भीमा सोड़ी, निवासी ग्राम कूचारास के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना की जानकारी 9 दिन बाद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गादीरास पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने किया अपराध स्वीकार
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने कोसा सोड़ी, हुंगा सोड़ी, नंदलाल करटामी और दुला सोड़ी—सभी निवासी ग्राम कूचारास—को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर खेत में दफन शव को कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बाहर निकलवाया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।



