भिलाई (दुर्ग) – दुर्ग जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवपारा चंडी मंदिर के पीछे गांजा बेचते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी की पहचान सुमित ठाकुर, निवासी शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई। गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार सूचना मुखबिर से मिली, कि उक्त स्थान पर एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना सही पाए जाने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गांजा बरामद हुआ और पंचनामा तैयार कर सील किया गया।
सीएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि दुर्ग पुलिस मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। जिले में किसी भी व्यक्ति को नशे के अवैध कारोबार के लिए बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी भी तरह की नशे से जुड़ी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।



