जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर शहर के बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक धरोहरों और खेल सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में महापौर संजय पाण्डे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया।
महापौर संजय पाण्डे ने बताया कि टाउन हॉल शहर की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहचान है, जहां वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक और शासकीय कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। इसे आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। महापौर ने निर्माण एजेंसी और कर्मचारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें :बस्तर में पारापुर डायवर्सन योजना को मिली मंजूरी, 350 हेक्टेयर में पहुंचेगा सिंचाई का पानी
वर्तमान में टाउन हॉल में संरचनात्मक सुधार, आवश्यक मरम्मत, आंतरिक उन्नयन, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था में सुधार के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। महापौर ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल पुनः शहर की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इसके बाद महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स यूनिट निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस परियोजना का भूमिपूजन कुछ दिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव की उपस्थिति में किया गया था। यह निर्माण डीएमएफटी मद से नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 20 लाख रुपए है।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि क्रिकेट बॉक्स यूनिट से स्थानीय युवाओं को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर और सुरक्षित सुविधा मिलेगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, ईई गोपाल भारद्वाज और इंजीनियर प्रवीण पोयाम मौजूद थे। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



