रायपुर। राजधानी के भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में खड़ी कई बसों में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और 5 बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना देर रात की बताई जा रही है। पार्किंग में खड़ी बसों से अचानक धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग की भयावह तस्वीरें और वीडियो मोबाइल में कैद किए, जिनमें बसें धू-धू कर जलती नजर आ रही हैं।
ये भी पढ़ें :धान नहीं बिका तो टूट गया अन्नदाता, व्यवस्था की मार से किसान ने पी लिया जहर
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 5 बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। इस घटना से बस संचालकों को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
इस घटना ने बस टर्मिनल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बस संचालकों और यात्रियों में आग से जुड़ी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने का सटीक कारण सामने आएगा।



