रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन की सनसनीखेज घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए इस मामले में पुलिस ने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अग्रसेन धाम के पास हुआ। तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में लक्की सिंह के साथ दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार लक्की सिंह ही चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।




