रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ रायपुर में दो प्रमुख कार्यक्रमों के साथ किया गया। पहले कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के सामने सुबह 10.30 बजे हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली में एसएसपी रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला व राहुल देव शर्मा, समनि ट्रैफिक पीएचक्यू संजय शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गुरजीत सिंह और सतीश ठाकुर सहित यातायात पुलिस, थाना पुलिस और एनजीओ के 150 से अधिक हेलमेटधारी कर्मी शामिल हुए। विशेष बात यह रही कि हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे नागरिकों के हाथों से ही रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
हेलमेट रैली कलेक्ट्रेट चौक से शुरू होकर शास्त्री चौक, मरहीमाता चौक, फाफाडीह चौक, स्टेशन चौक, तेलघानीनाका, आमापारा तिराहा, आश्रम तिराहा, लाखेनगर चौक होते हुए पुरानी बस्ती थाना तक निकाली गई। इस दौरान स्वयं एसएसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दोपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट पहनकर आम नागरिकों को यह संदेश देते नजर आए कि हेलमेट जीवन रक्षक है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसों में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने से होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।
हेलमेट रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना से सुनीता चंसोरिया, प्रांजल सेवा समिति से रेखा शर्मा, सुरक्षित भवः फाउंडेशन से संदीप धुप्पड़ व उनकी टीम भी शामिल रही। रैली के माध्यम से दोपहिया चालकों से अपील की गई कि वे धूप, ठंड और बारिश से बचाव के साथ-साथ दुर्घटनाओं में जान बचाने के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें।
सड़क सुरक्षा माह के दूसरे कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार के लिए ई-रिक्शा और तीन मालवाहक वाहनों को यातायात जागरूकता रथ के रूप में तैयार किया गया। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे, अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी ने इन जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ एक माह तक ग्रामीण क्षेत्रों के सभी गांवों में पहुंचकर यातायात नियमों की जानकारी देंगे और पाम्पलेट वितरण के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे।
अपील
रायपुर पुलिस ने दोपहिया चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट की उपयोगिता समझाएं, क्योंकि आपकी सुरक्षा आपके परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।



