दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बैगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- नए साल के जश्न को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, कार्यक्रम स्थल पर होगी पैनी नजर, होगी 500 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती
मामले के अनुसार, पीड़िता कुछ समय से बीमार चल रही थी। 22 दिसंबर को उसकी मां ने बेमेतरा जिले के एक बैगा, परमेश्वर बघेल (25 वर्ष), निवासी ग्राम परसबोड़ को इलाज के नाम पर घर बुलाया। आरोपी ने लड़की की तबीयत देखकर उस पर “बाहरी हवा” का साया होने की बात कही और नींबू फेंकने का बहाना बनाकर उसे घर से दूर पास स्थित एक नर्सरी में ले गया। वहाँ उसने नाबालिग को धमकाते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
डर के चलते पीड़िता दो दिन तक चुप रही, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर 24 दिसंबर को उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तुरंत नंदिनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने आपको बड़ा बैगा बताकर लोगों को झाड़-फूंक के नाम पर बहलाता था और इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी या परेशानी की स्थिति में तंत्र-मंत्र या झाड़-फूंक की बजाय योग्य चिकित्सकों पर भरोसा करें और ऐसे धोखेबाजों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



