रायपुर। राजधानी के चंगोराभाठा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी एक युवक पर एक के बाद एक करीब 9 बार चाकू से वार करता नजर आ रहा है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :- Akhilesh Yadav On Aravali: अरावली बचाने की अपील, बोले– “अरावली रहेगी तभी NCR बचेगा”
मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गाली देने से मना करने पर भड़का विवाद
पुलिस के अनुसार, धनवंतरी मेडिकल के पास रहने वाली नेहा देवांगन ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 13 दिसंबर की रात करीब 9.30 बजे उसके पति जीवन देवांगन अपने दोस्त पीयुष सोनी के साथ बैटरी का इंतजाम करने शीतला मंदिर के पास गए थे।
इसी दौरान वहां मौजूद सुभाष देवांगन जीवन देवांगन का नाम लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब जीवन ने इसका विरोध किया तो सुभाष देवांगन और राजू देवांगन ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आया दोस्त भी घायल
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पीयुष सोनी पर भी आरोपियों ने चाकू से वार कर दिया।
जीवन देवांगन को गर्दन, पेट, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीयुष सोनी को पेट में चाकू से चोट लगी है।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जीवन देवांगन का इलाज एम्स अस्पताल में, जबकि पीयुष सोनी का उपचार मेकाहारा अस्पताल में जारी है।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज को सबूत के तौर पर जब्त किया गया है।



