महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग के कर्मचारी कमलेश पटेल की शिकायत पर कार्रवाई की गई, जिसमें आरोप था कि किसान मोर्चा के सदस्य NHAI की भूमि पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित कर रहे थे, जिससे रायपुर–सरायपाली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी।
यह भी पढ़े :- साइबर धोखाधड़ी रोकने में प्रशासन की अभिनव पहल-फाइनेंस लैब बनी युवाओं की ढाल
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने किसानों को समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मूर्ति स्थापना का प्रयास जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारी के आवेदन के आधार पर हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अवरोध कानूनन दंडनीय अपराध है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 285, 3(5) और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8B के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार छह लोगों को न्यायालय में पेश किया गया है। घटना करणी कृपा प्लांट के सामने की है, जहां फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।



