रायपुर। धान खरीदी कार्य में बाधा डालने वाले सहकारी समिति के हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। अति आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) के तहत कार्रवाई करते हुए सोमवार को कुल 13 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ ट्रेलर था: भारतीय सेना प्रमुख ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी
जानकारी के अनुसार, सिमगा विकासखंड से सिमगा समिति प्रबंधक मंजुला शर्मा, खोखली समिति प्रबंधक राकेश कुमार टंडन, धुर्रा बांधा समिति प्रबंधक मूलचंद वर्मा, रोहांसी समिति प्रबंधक धर्मेंद्र साहू और तिल्दा समिति के प्रबंधक रामकुमार साहू को बर्खास्त किया गया है।
इसी तरह कसडोल विकासखंड में भी कार्रवाई करते हुए गिरौद समिति के विक्रेता नन्द कुमार पटेल, हसुआ के विक्रेता गोकुल प्रसाद साहू, थरगांव के ललित साहू, कटगी के रामस्वरूप यादव, चिखली के खेलसिंह कैवर्त्य, कोसमसरा के अमित साहू, सरखोर के भीम साहू और लवन के विक्रेता रविकमल को बर्खास्त किया गया है।
वहीं विकासखंड पलारी में समिति कोनारी के प्रभारी प्रबंधक राजेंद्र चंद्राकर, समिति रोहरा के कम्प्यूटर ऑपरेटर बीरेंद्र साहू और समिति रिसदा के विक्रेता टीका राम वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए शाखा प्रबंधक को पत्र जारी किया गया है।
धान खरीदी के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति और कार्य से इंकार को देखते हुए प्रशासन ने साफ किया है कि आवश्यक सेवाओं में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



