रायपुर/नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार शाम हुए ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियों ने देशभर में सक्रिय एक आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क में कई डॉक्टर शामिल पाए गए हैं। खबर है कि इसी कड़ी में फरीदाबाद की महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया गया है। शाहीन पर आरोप है कि वह जैश-ए-मोहम्मद की लेडी कमांडर और “जमात-उल-मोमिनात” की भारत में प्रमुख थी।
जांच में सामने आया है कि शाहीन ने महिलाओं को मनोवैज्ञानिक युद्ध, प्रचार और फंडिंग जैसे कार्यों में शामिल किया। वह लखनऊ के लालबाग की रहने वाली है और फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में काम करती थी। फरीदाबाद में आतंकवादियों के घर से मिले बड़े पैमाने पर विस्फोटक उसी महिला डॉक्टर की कार से जुड़े पाए गए। इस कार से राइफल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

पुलिस का मानना है कि शाहीन सीधे जैश-ए-मोहम्मद के हेड मसूद अजहर की बहन, सहीदा अज़हर के संपर्क में थी और उनके इशारे पर भारत में जैश की महिला ब्रिगेड तैयार कर रही थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दिल्ली ब्लास्ट में शामिल डॉक्टर इसी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य थे।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद से देशभर में डॉक्टरों पर सख्त नजर रखी जा रही है। लखनऊ से लेकर कश्मीर तक छापेमारी जारी है और अभी तक इस मामले में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जांच एजेंसियां अलग-अलग एंगल से मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।



