बिलासपुर। शहर में कानून का राज हिल गया है! फरार हिस्ट्रीशीटर लुटू पांडेय सोशल मीडिया पर तांडव मचा रहा है। पिस्टल और कट्टा लहराते हुए रील्स बनाकर भाजपा-कांग्रेस नेताओं को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा है। वायरल वीडियो में वह दहशत फैला रहा है, तो दूसरी तरफ अवैध हथियारों की सप्लाई का काला कारोबार चला रहा है। पुलिस की नाक में दम, लेकिन बदमाश यूपी में छिपा ठिकाना बदल-बदलकर चकमा दे रहा है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में शराब दुकान में चोरी, 46 हजार रुपये की शराब और नकदी उड़ा ली
नशे से हथियारों तक का अपराधी साम्राज्य
सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगरापारा का लुटू पांडेय कोई साधारण गुंडा नहीं। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं चोरी, मारपीट, गुंडागर्दी और नशे के सौदागरी के सैकड़ों केस। दुर्ग जेल से छूटते ही बिलासपुर लौटा और नशे का धंधा शुरू कर दिया। छापेमारी में साथी पकड़े गए, लेकिन लुटू फरार। पिछले दो महीनों से पुलिस उसके पीछे पड़ी है, छापे मार रही है, लेकिन वो गायब!
उसका साथी शिवम मिश्रा भी चोरी का मास्टरमाइंड। दोनों मिलकर इंस्टाग्राम पर ‘गैंगस्टर स्टाइल’ रील्स अपलोड कर रहे हैं। पिस्टल, रिवॉल्वर दिखाते हुए ‘देख लूंगा’, ‘सामने आया तो खत्म’ जैसे डायलॉगबाजी। भाजपा युवा मोर्चा मंडल पदाधिकारी मुसर्रफ खान और एनएसयूआई महासचिव लक्की मिश्रा समेत कई युवा नेताओं को निशाना बनाया। वीडियो वायरल होते ही सरकंडा और सिविल लाइन थानों में शिकायतें दाखिल।
हथियारों का काला बाजार: युवाओं को ललचाने वाली तस्वीरें
सबसे खतरनाक खुलासा तो ये कि लुटू अवैध हथियारों का सौदा चला रहा है! कुछ युवाओं को पिस्टल-रिवॉल्वर की फोटोज भेजीं और बोला, “चाहो तो सप्लाई कर दूंगा।” ये रील्स न सिर्फ धमकी हैं, बल्कि युवाओं को अपराध की दुनिया में खींचने का जाल भी। सोशल मीडिया पर इनकी ‘दबंगई’ की बाढ़ आ गई है – रंगदारी वसूलने से लेकर गुंडागर्दी दिखाने तक।
पुलिस की बेबसी: यूपी में छिपा बदमाश, मोबाइल बंद
सरकंडा पुलिस को खबर मिली थी कि लुटू-शिवम यूपी में ठिकाना बना चुके। छापे की तैयारी में दोनों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार। अब पुलिस निगरानी बढ़ा रही है, लेकिन बदमाशों का इंस्टाग्राम अकाउंट अभी भी एक्टिव। सवाल उठ रहा है – सोशल मीडिया पर ऐसी धमकियां क्यों नहीं रुक रही? क्या पुलिस की तलाश महज दिखावा है?
ये मामला बिलासपुर के लिए खतरे की घंटी है। अगर समय रहते इन फरारियों को न पकड़ा गया, तो शहर में अपराध का नया दौर शुरू हो सकता है। पुलिस को अब कड़े कदम उठाने होंगे, वरना सोशल मीडिया के ‘रील गुंडे’ असल जिंदगी में खूनखराबा मचा देंगे।



