रायपुर : दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। नाबालिग युवती को जबरन देह व्यापार में धकेलने वाली दो महिलाओं, प्रीति बेसरा और सीमा सोनी, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की रहने वाली पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए स्वयं थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और अपराध दर्ज कराया।
फरार बदमाश का खौफनाक खेल: इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराकर नेताओं को मौत की धमकी, हथियार बेचने का दावा!
पुलिस के अनुसार, नवरात्रि मेले के दौरान कटनी स्टेशन पर पीड़िता की मुलाकात आरोपी प्रीति बेसरा से हुई। प्रीति ने अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का लालच देकर पीड़िता को दुर्ग लाने का झांसा दिया। दुर्ग पहुंचने पर प्रीति ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें दूसरों को भेजा और उसे एक घर में बंधक बना लिया। पीड़िता को अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर आरोपी उसे तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देती थीं।
आखिरकार, पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर मोहन नगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता की निशानदेही पर दोनों आरोपियों को धर दबोचा गया। पूछताछ में प्रीति और सीमा ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों का पता लगाया जा सके।



