रायपुर। राजधानी में एक महिला को कम ब्याज दर पर मुद्रा लोन और दुकान दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने आरोपी महिला खूशबू सोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रावतपुरा फेस-2 कॉलोनी निवासी किरण जैसवार ने 2023 में खूशबू से परिचय के बाद उसके झांसे में आकर आईडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया और चेकबुक पर हस्ताक्षर कर उसे सौंप दिया। आरोपी ने लोन और दुकान दिलाने का वादा कर लंबे समय तक उसे टालती रही।
पीड़िता का आरोप है कि खूशबू और उसके साथी ने बस स्टैंड के पास दुकान दिखाकर रजिस्ट्री कराने का झांसा दिया, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं हुई। इसी दौरान आरोपी ने वकील के जरिए कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाकर बैंक से करीब 6 लाख रुपए निकाल लिए। इसके अलावा नवंबर 2023 में 10 हजार रुपए ऑनलाइन भी ऐंठ लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।



