भिलाई। शहर में एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को दहलाकर रख दिया। बिजली खंभे से जोरदार टक्कर होने के बाद बीएसपी कर्मी के बेटे की मौत हो गई। हादसे की सूचना देर रात परिवार तक पहुंची, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़े :- BHU में देर रात हंगामा, पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल
भिलाईनगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर क्षेत्र निवासी शिवराम सिंह भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर की रात करीब 8 बजे उनका बेटा रविकुमार मोटरसाइकिल से घूमने के लिए घर से निकला था।
रात लगभग 1:20 बजे परिवार को फोन पर सूचना मिली कि जवाहर उद्यान के पास दुर्घटना हो गई है और तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया।
जब परिजन पहुंचे तो देखा कि रविकुमार की बाइक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिर, माथे, नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



