वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) कैंपस में मंगलवार देर रात अचानक तनाव फैल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हुई तीखी झड़प के बाद कैंपस में जमकर पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में शांति है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यह भी पढ़े :- IND vs SA : भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरा वनडे आज रायपुर
सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कैंपस में एक वाहन ने राजाराम हॉस्टल के एक छात्र को टक्कर मार दी। इस घटना के विरोध में बिड़ला हॉस्टल के छात्र और अन्य छात्र एकजुट होकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड कार्यालय पहुँचे और शिकायत दर्ज कराने की बात कही। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
कैंपस में घंटे भर तक हंगामा
झगड़े के बाद बड़ी संख्या में छात्र बिड़ला चौराहे से एलडी गेस्ट हाउस तक जमा हो गए और तोड़फोड़ करने लगे। छात्रों ने हाथों में लोहे की रॉड और डंडे लेकर सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। इस दौरान कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है, जबकि पुलिस की लाठीचार्ज में कई छात्र घायल भी हुए हैं।
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति गंभीर होती देख बीएचयू प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। दस चौकियों और पांच थानों की पुलिस के साथ-साथ पीएसी के जवानों को भी कैंपस में तैनात किया गया। देर रात एसीपी भेलूपुर की अगुवाई में पूरे परिसर में फ्लैग मार्च किया गया।
पुलिस का बयान
एसीपी गौरव कुमार ने बताया,- “छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच विवाद हुआ था। प्रॉक्टर सर के अनुरोध पर पुलिस को बुलाया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता के तौर पर बल तैनात किया गया है।”



