बस्तर। क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और अवैध खरीद–फरोख्त करने वाले दलालों, कोचियों और फर्जी व्यापारियों के खिलाफ बकावंड SDM मनीष वर्मा की सर्जिकल स्ट्राइक लगातार जारी है। रविवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 क्विंटल धान से भरा पिकअप वाहन जब्त किया गया। इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में अवैध कारोबारियों में खलबली मचा दी है।
यह भी पढ़े :- 30 साल बाद लौटी रौनक! नक्सल प्रभावित मरईगुड़ा-1 में फिर लगा साप्ताहिक बाजार, बस्तर में अमन की बयार तेज
कलेक्टर हरिस एस के सख्त निर्देशों पर SDM मनीष वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तड़के से लेकर सुबह तक विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान मोखागांव निवासी बसंत बेसरा (पिता रायसिंह बेसरा) को वाहन क्रमांक CG 17 KZ 0121 में बिना किसी वैध दस्तावेज के धान ले जाते हुए पकड़ा गया। न तो खरीदी केंद्र का प्रमाणपत्र और न ही कोई अधिकृत कागजात प्रस्तुत कर पाने पर वाहन और धान को तत्काल जब्त कर करपावंड थाने के सुपुर्द किया गया। पुलिस अब इस मामले में अपराध दर्ज कर रही है।
बीते दिनों से बकावंड प्रशासन अवैध धान परिवहन पर लगातार शिकंजा कस रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसानों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले हर ‘अवैध खेल’ पर अब कड़ी नजर रखी जा रही है।
राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें गांव–गांव, सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। लगातार होती कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में दहशत व्याप्त है।
SDM मनीष वर्मा का स्पष्ट संदेश धान खरीदी प्रक्रिया को बाधित करने वालों और अनुचित लाभ उठाने वालों को किसी भी स्थिति में नहीं बख्शा जाएगा। कार्रवाई आगे और भी तेज होगी।



