मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत में अब सुधार देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। धर्मेंद्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वे घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी रखेंगे।
बॉबी देओल पिता धर्मेंद्र को लेकर घर पहुंचे
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र को एंबुलेंस के जरिए घर ले जाया गया, जिसमें उनके छोटे बेटे और अभिनेता बॉबी देओल साथ नजर आए। इस दौरान अस्पताल के बाहर मीडिया और फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
धर्मेंद्र की एंबुलेंस से घर पहुंचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। फैंस उन्हें देखकर भावुक हो गए और कमेंट्स में उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं।
डॉक्टर ने दी सेहत को लेकर जानकारी
ब्रीच कैंडी अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि धर्मेंद्र का इलाज लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अब उनकी स्थिति स्थिर है। डॉक्टर ने कहा “धर्मेंद्र जी को बुधवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब वे घर पर आराम करेंगे और नियमित चिकित्सकीय निगरानी में रहेंगे।”डॉक्टर ने यह भी बताया कि परिवार ने घर पर ही मेडिकल देखरेख में उन्हें रखने का निर्णय लिया है ताकि वे आरामदायक माहौल में जल्दी रिकवर कर सकें।
मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर अचानक खबर फैली कि धर्मेंद्र का निधन हो गया है। इस झूठी अफवाह से पूरे बॉलीवुड में अफरा-तफरी मच गई थी। कई फैंस और सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर दुख जताया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद परिवार की ओर से बयान जारी कर इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया गया।
हेमा मालिनी ने झूठी खबर फैलाने वालों पर जताई नाराजगी
धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा “जो हो रहा है वह बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है। जिम्मेदार मीडिया संस्थान बिना पुष्टि के ऐसी अफवाहें कैसे फैला सकते हैं? धर्मेंद्र जी की हालत में सुधार हो रहा है। कृपया परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें।”इसी तरह बेटी ईशा देओल ने भी अपने पिता की तबीयत को लेकर अपडेट देते हुए कहा कि धर्मेंद्र की सेहत अब बेहतर है और वे रिकवर कर रहे हैं।
फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर
धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने की खबर सुनते ही फैंस और बॉलीवुड जगत में राहत की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर “Get Well Soon Dharmendra Ji” ट्रेंड करने लगा। सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल जैसे कई कलाकारों ने भी धर्मेंद्र की सलामती की कामना की है।
फिलहाल धर्मेंद्र अपने मुंबई स्थित घर पर आराम कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी नियमित जांच कर रही है। परिवार ने अनुरोध किया है कि फैंस और मीडिया अफवाहों पर ध्यान न दें और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते रहें।



