रायपुर। अंबिकापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बृहस्पति सिंह और चिंतामणि महाराज को कोयला घोटाले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी से हर महीने 5 से 7 लाख रुपये मिलते थे। यही रकम अब उनके दिमाग में बस गई है, इसीलिए वे जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति में लेन-देन के मिथ्या आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पढ़े :- एसआईआर निगरानी समिति की बैठक संपन्न, कांग्रेस ने मांगा समय विस्तार
गौरतलब है कि कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने हाल ही में पार्टी की प्रभारी सचिव जरिता लैटफलांग पर आरोप लगाया था कि उन्होंने जिला अध्यक्ष बनाने के लिए दावेदारों से 5-7 लाख रुपये की मांग की थी। इस बयान के बाद कांग्रेस संगठन में हलचल मच गई थी।
इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए बालकृष्ण पाठक ने मीडिया से चर्चा में कहा-
“बृहस्पति सिंह रिमोट से संचालित हो रहे हैं। उनके आरोपों के पीछे किसी और का दिमाग काम कर रहा है।”
पाठक ने आगे कहा कि बृहस्पति सिंह और चिंतामणि महाराज को ईडी द्वारा जप्त सूर्यकांत तिवारी की डायरी में दर्ज अनुसार हर महीने लाखों रुपये मिलते थे। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा,
“हर महीने मिलने वाला 5-7 लाख रुपया उनके दिमाग में रच-बस गया है, इसलिए वे अब हर विषय में वही आंकड़ा दोहराते हैं।”



