रायपुर/गांधीनगर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने राज्यों के विकास और आपसी सहयोग पर विचार साझा किए।
यह भी पढ़े ;- बृहस्पति सिंह पर बालकृष्ण पाठक का पलटवार – कहा, ‘हर महीने 5-7 लाख पाने की आदत पड़ गई थी’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में राज्यों की साझी भागीदारी और अनुभवों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकारें नवाचार और सुशासन के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने मुख्यमंत्री पटेल को बस्तर की लोककला और सांस्कृतिक गौरव पर आधारित बस्तर आर्ट और “बस्तर दशहरा” की कॉफी टेबल बुक भेंट की।
मुख्यमंत्री पटेल ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की सराहना की और राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी पहलों के लिए मुख्यमंत्री साय को शुभकामनाएँ दीं। दोनों मुख्यमंत्रियों ने भविष्य में गुजरात और छत्तीसगढ़ के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और सशक्त करने पर सहमति व्यक्त की।



