बिलासपुर। दुबई की धार्मिक यात्रा कराने का झांसा देकर शहर के 10 लोगों से 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक टूर एंड ट्रैवल्स चलाने वाले दंपति ने रकम लेने के बाद कार्यालय बंद कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- खुले गड्ढे में गिरकर दो मासूमों की मौत, गुस्साए लोगों ने रिंग रोड पर किया चक्काजाम
पुलिस के अनुसार, तारबाहर निवासी शेख अकरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कटघोरा निवासी वसीम अली और उसकी पत्नी रेशमा अली वर्ष 2023 में तालापारा तैयबा चौक स्थित टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय का संचालन कर रहे थे। दंपति समाज के लोगों को दुबई की धार्मिक यात्रा कराने का दावा करते थे।
प्रारंभ में उन्होंने कुछ यात्रियों का पासपोर्ट और वीजा बनवाकर मुंबई से यात्रा कराई, जिससे लोगों को उन पर भरोसा हो गया। बाद में शेख अकरम सहित 10 लोगों ने दुबई यात्रा के लिए उन्हें कुल 35 लाख रुपये दिए।
पैसा लेने के बाद भी यात्रा नहीं कराई गई। जब पीड़ितों ने दबाव बनाया तो दंपति ने अपना कार्यालय बंद कर दिया और फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने वसीम अली और रेशमा अली के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।



