रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को हुआ भीषण ट्रेन हादसा अब दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों में बिलासपुर के यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा है। अब तक एक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
छत्तीसगढ़ में रातें होंगी ठंडी, दिन में हल्की धूप, मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी
टक्कर से दहला बिलासपुर स्टेशन का आउटर
हादसा मंगलवार शाम उस वक्त हुआ, जब गेवरा मेमू लोकल ट्रेन अपनी रफ्तार से बिलासपुर स्टेशन के आउटर पर बढ़ रही थी। सामने खड़ी मालगाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मेमू ट्रेन का इंजन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके कांप उठे।
यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, बोगियां काटकर निकाले शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले तेज ब्रेक की चीख, फिर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कई यात्री खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, रेलवे और पुलिस की टीमों ने रातभर राहत-बचाव अभियान चलाया। गैस कटर से बोगियां काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। करीब 11 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन शवों को बोगी से क्रेन और कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
छात्रा प्रिया चंद्रा भी हादसे की शिकार
मरने वालों में सक्ति जिले की जैजैपुर निवासी छात्रा प्रिया चंद्रा भी शामिल है। वह गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा थी। हादसे के वक्त वह घर लौट रही थी।
राहत कार्य पूरी रात जारी, सुबह तक ट्रैक दुरुस्त
रेलवे, जिला प्रशासन और सुरक्षा टीमों ने सुबह 4 बजे तक ट्रैक बहाल करने का काम जारी रखा। शाम 7 बजे एक ट्रैक चालू कर दिया गया था, जबकि मिडिल लाइन को देर रात तक बहाल कर लिया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुबह तक सभी लाइन पर ट्रेन परिचालन सामान्य हो जाएगा।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिलासपुर के 5 घायलों को सिम्स, 2 को अपोलो और 6 को रेलवे अस्पताल में रखा गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की वजह पर संदेह, सिग्नल फेल की आशंका
हालांकि हादसे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन ऑटो सिग्नल फेल होने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे ने कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) से जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के बाद ही कारणों का खुलासा होगा।
मुआवजे की घोषणा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर घायलों को ₹5 लाख और सामान्य घायलों को ₹50 हजार मुआवजे की घोषणा की है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।



