दुर्ग। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिद में सोमवार सुबह एक मामूली बात को लेकर हुआ विवाद बड़ा रूप ले लिया। महिलाओं के बीच कहासुनी के बाद एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे बोरिद गांव में राधाबाई (55 वर्ष) और हेमा भारती (27 वर्ष) के बीच बबूल दातून का कांटा गली में फेंकने को लेकर बहस शुरू हुई। बात धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई।
इस दौरान राधाबाई को अंदरूनी चोट लग गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी महिला हेमा भारती से पूछताछ जारी है।



