बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तालाब में 23 अक्टूबर को मिली छात्र अर्सलान अंसारी की लाश ने पूरे शहर को हिला दिया है। बिहार के छपरा जिले के कादीपुर गांव का रहने वाला अर्सलान यूनिवर्सिटी के स्वामी विवेकानंद हॉस्टल, रूम नंबर 45 में रहकर B.Sc फिजिक्स थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। वह 21 अक्टूबर से लापता था।
राज्योत्सव की तैयारी जोरों पर, कलेक्टर ने एयर-शो स्थल का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश
शनिवार को जब उसके पिता अर्शद अयूब बिहार से बिलासपुर पहुंचे, तो उन्होंने कपड़ों के आधार पर बेटे की पहचान की। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई। पिता ने कहा मेरे बेटे की गुमशुदगी की जानकारी समय पर देने के बावजूद किसी ने ध्यान नहीं दिया। न हॉस्टल वार्डन ने रिपोर्ट की, न किसी ने खोजबीन की। अर्सलान आत्महत्या नहीं कर सकता — यह साफ तौर पर लापरवाही और संदिग्ध मौत का मामला है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस और यूनिवर्सिटी अधिकारी उन्हें लगातार टालते रहे। पिता ने बताया कि जब वे एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे तो रिपोर्ट नहीं लिखी गई, बल्कि उन्हें जल्दी लौटने के लिए कहा गया। उन्होंने कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल, कुलसचिव प्रो. ए.एस. रणदीवे, चीफ वार्डन प्रो. प्रतिभा मिश्रा, प्रशासनिक वार्डन डॉ. महेश सिंह ढपोला, सुरक्षा अधिकारी डॉ. सीमा राय, प्रॉक्टर डॉ. एम.के. सिंह और डीएसडब्ल्यू डॉ. शैलेंद्र कुमार को सीधे जिम्मेदार ठहराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी सवाल उठे
सिम्स में शव का पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि सिर पर चोट का निशान था, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला डूबने से हुई मौत का लग रहा है, लेकिन बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
छात्र संगठनों में आक्रोश
मामले को लेकर ABVP और अन्य छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि “एक साथी छात्र की मौत के बावजूद” यूनिवर्सिटी ने उसी दिन सम्मान समारोह आयोजित कर दिया, जो उनकी असंवेदनशीलता को दिखाता है। ABVP ने एसएसपी रजनेश सिंह से मिलकर निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस ने यूनिवर्सिटी कैंपस, हॉस्टल और तालाब के आस-पास के CCTV फुटेज जब्त कर लिए हैं और छात्रों व कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अर्सलान की मौत आत्महत्या है या हत्या, यह अब जांच से तय होगा।



