रायपुर : दिवाली के दिन बेमेतरा पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 236 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र के मुंगेली-नवागढ़ मार्ग पर टेंट लगाकर चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर दो लाख रुपए से अधिक नकद, मोबाइल फोन और 200 से ज्यादा बाइकें जब्त की हैं।
पिकनिक स्पॉट में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, मौत से मचा हड़कंप
यह कार्रवाई SDOP कौशिल्या साहू के नेतृत्व में की गई। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवागढ़ क्षेत्र में विनोद साहू के ईंट भट्ठे के पास बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना सहित अन्य थानों की संयुक्त टीमों ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने वहां 22 अलग-अलग फड़ों में लोगों को जुआ खेलते पाया। सभी 236 जुआरियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान जुआ फड़ों से 51 हजार रुपए नकद, जबकि आरोपियों के पास से 1 लाख 43 हजार 548 रुपए मिले। कुल मिलाकर 1 लाख 94 हजार 988 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही ताश की गड्डियां, मोबाइल फोन और 200 से अधिक मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
SDOP कौशिल्या साहू ने कहा कि जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों के समय ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मध्यप्रदेश में जुआ फड़ पर दबिश के दौरान युवक की मौत
रायसेन (मध्यप्रदेश)। सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश के दौरान 40 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि रविवार रात छापेमारी के दौरान चार युवक बारना बांध में कूद गए थे। इनमें से तीन ने किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि एक युवक की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने करीब 15 घंटे तक युवक की तलाश नहीं की, और जब वे मदद के लिए थाने पहुंचे, तो उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके विरोध में परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस पर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाया।
स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने बरेली से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।



