कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुकमा से रायपुर जा रही यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 14 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4 बजे नेशनल हाईवे-30 पर जंगलवार कॉलेज के पास हुआ। अंधेरे के कारण बस चालक खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और बस सीधे जाकर उससे टकरा गई।
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में खूनी झड़प, हॉकी खिलाड़ी को लगे 14 टांके
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और संजीवनी 108 एंबुलेंस व हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें बस चालक अमित सिंह निर्मलकर और उनकी बहन पल्लवी निर्मलकर की हालत गंभीर बताई जा रही है, दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, महिंद्रा ट्रेवल्स की बस (CG 04 PD 9799) सुकमा से रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में जंगलवार कॉलेज के पास सड़क किनारे एक पंचर ट्रक (CG 21 F 9863) खड़ा था। ट्रक के पीछे तिरपाल बंधा होने से रेडियम पट्टी ढक गई थी, जिससे अंधेरे में वाहन दिखाई नहीं दिया। अचानक सामने ट्रक दिखने पर बस चालक गति नियंत्रित नहीं कर सका और टक्कर हो गई।
हादसे के बाद यातायात प्रभारी दीपक साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद उन्होंने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया और दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। यात्रियों को महिंद्रा ट्रेवल्स की दूसरी बस में बैठाकर रायपुर के लिए रवाना किया गया।



