रायपुर : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान हॉकी मैच में खिलाड़ियों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस दौरान एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर 14 टांके लगाए गए।
सिंधी समाज के संत श्री चाँडूराम साहिब जी नहीं रहे, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि
जानकारी के अनुसार, घटना तब हुई जब चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर कोरबा और जांजगीर जिले के हॉकी खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। झगड़े में घायल छात्र आयुष को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जिम्मेदार अधिकारी लापता
घटना के समय जिला खेल अधिकारी के.आर. टंडन मौके पर मौजूद नहीं थे। जब उनसे इस मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
लोगों का कहना है कि यदि इस झड़प में कोई बड़ी अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
आयोजन में लापरवाही पर उठे सवाल
प्रतियोगिता के दौरान प्रशासन और आयोजकों की लापरवाही को लेकर समाज में नाराज़गी है। अब तक जिला प्रशासन की ओर से किसी पर भी सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने फिलहाल घायल छात्र के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



