सक्ती। जिले के आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर की मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों से भरी लिफ्ट अचानक ऊंचाई से गिर गई, जिसमें 4 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस घोर लापरवाही के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए प्लांट के मालिक और प्रबंधन से जुड़े 8 अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उन्हें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत आरोपी बनाया है।
पुलिस जांच के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब आरकेएम पावर प्लांट में बॉयलर मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे आ गिरी। हादसे में चार मजदूरों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि छह मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करवाया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे बड़ी लापरवाही मानते हुए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि डभरा एसडीएम की अगुवाई में टीम गठित की गई है, जो 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करेगी और हादसे की वास्तविक वजह तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की अनुशंसा करेगी।
फिलहाल पुलिस ने जिन 8 अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं —
- कंपनी के ओनर / डायरेक्टर डॉ. अंडल अरमुगम
- डायरेक्टर टीएम सिंगरवेल
- प्लांट हेड एवं एडिशनल डायरेक्टर
- फैक्ट्री मैनेजर सम्मुख राव
- बॉयलर एवं टर्बाइन मेंटेनेंस हेड कमलेश कुमार अग्रवाल
- सेफ्टी ऑफिसर मनोज राउत
- पी एंड एम मेंटेनेंस अधिकारी वेसलीमणि
- लिफ्ट इंजीनियर कृष्णा गौरव
पुलिस का कहना है कि यह हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



