रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार तड़के लूटपाट की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने सराफा व्यापारी राहुल गोयल के पास रखे करीब 86 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। घटना सदर बाजार स्थित शिवा ट्रेडर्स ज्वेलर्स की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे दो नकाबपोश बदमाश दुकान में घुसे और बंदूक की नोक पर व्यापारी से गेट खुलवाया। इसके बाद उन्होंने राहुल गोयल के हाथ-पैर बांध दिए और बेहोश कर दिया। बदमाश दुकान में रखे चांदी के जेवरात समेटकर रस्सी के सहारे नीचे उतरकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लूटी गई चांदी की कीमत करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपए है।
एएसपी लखन पटले ने बताया कि आगरा निवासी राहुल गोयल रायपुर में चांदी का थोक व्यापार करते हैं। वह आगरा से माल मंगवाकर स्थानीय दुकानदारों को बेचते थे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और कुछ संदिग्ध क्लिप हाथ लगी हैं जिनके आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



