रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ के 84 नगरीय निकायों में नए आवास स्वीकृत होने पर सांसद संतोष पांडेय ने खुशी जताई है। धनतेरस के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के सिर पर छत होनी चाहिए और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सरकार ने सबसे पहले आवास के मुद्दे पर काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जिन आवासों को रोका गया था, उन्हें साय सरकार ने प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि 84 नगरीय निकायों के लिए नए आवासों की मंजूरी गरीब परिवारों के लिए बड़ी सौगात है।
एक हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती को बताया युवाओं के लिए तोहफा
राज्य सरकार की ओर से एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती किए जाने को लेकर भी संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सराहना की। उन्होंने इसे युवाओं के लिए बड़ा तोहफा बताते हुए कहा कि अग्निवीर के बाद छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह एक और महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
कांग्रेस में कार्रवाई को लेकर पांडेय का तंज
कांग्रेस की रैली में शामिल नहीं होने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की चर्चाओं को लेकर संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर अपने-अपने विरोधियों की सूची तैयार कर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। उनके मुताबिक कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और आपसी टकराव की स्थिति बनी हुई है।
दीपक बैज के ‘अर्जुन’ वाले बयान पर दुर्योधन का तंज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को अर्जुन बताते हुए हर चक्रव्यूह तोड़ने की बात कही थी, संतोष पांडेय ने तीखा पलटवार किया।
उन्होंने कहा, “यह अर्जुन नहीं, दुर्योधन है और 10 जनपद में गांधारी पट्टी बांधकर बैठी हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने नेताओं के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता और पार्टी का पतन होने वाला है।
रामलीला मैदान के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना
रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी सांसद ने कटाक्ष किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन स्थल पर मंच और कुर्सियां खाली दिखाई दे रही थीं। इसी के आधार पर उन्होंने कांग्रेस की जनसभा को लेकर सवाल उठाए और पार्टी पर तीखा हमला बोला।
बस्तर में दीपोत्सव को बताया शांति का संदेश
बस्तर के कई गांवों में दीप जलाए जाने को लेकर संतोष पांडेय ने कहा कि कोंटा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बस्तर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब अमन और चैन की बयार बह रही है और दीपों की रोशनी से बस्तर जगमगाएगा।




