कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के अंदर मिला है। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से ईंट के टुकड़े मिलने के बाद पुलिस हत्या समेत अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- धनतेरस पर घर के बाहर हाईटेंशन तार ने ली पिता-पुत्र की जान, मां गंभीर; रायपुर रेफर
मृतका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह महिला का पति सहदेव राम चौहान घर पहुंचा, जहां उसने पत्नी को मृत हालत में देखा। पत्नी की स्थिति देखकर वह घबरा गया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
महिला के सिर पर चोट के निशान मिलने और घटनास्थल से ईंट के टुकड़े बरामद होने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वायड ने भी की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल और आसपास के इलाके में जांच की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस महिला की मौत के पीछे हत्या की वजह या किसी अन्य कारण की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ आसपास के लोगों और संबंधित व्यक्तियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है।




